29 May 2026

राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग अध्यक्ष जी.आर. मूलचंदानी का बिजयनगर उप जिला चिकित्सालय में औचक निरीक्षण

0
motion_photo_3650389651843683530


बिजयनगर 29 मई केकड़ी पत्रिका/तरन दीप सिंह) राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष एवं माननीय न्यायाधिपति जी.आर. मूलचंदानी ने शुक्रवार को राजकीय उप जिला चिकित्सालय, बिजयनगर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं एवं अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
माननीय न्यायाधिपति जी ने अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष, विभिन्न वार्डों, ऑपरेशन थिएटर, प्रयोगशाला (लैब), दवा वितरण केंद्र सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का गहनतापूर्वक निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए अस्पताल परिसर में उपलब्ध छाया, स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी बारीकी से आंकलन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की और संतोष व्यक्त किया। साथ ही अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों की सुविधा और मानवाधिकारों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।


उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं महिलाओं के लिए अस्पताल में और अधिक संवेदनशील एवं बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने के निर्देश दिए। माननीय न्यायाधिपति ने कहा कि अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को गरिमापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा मिलना सुनिश्चित होना चाहिए।


निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में प्रशासनिक गतिविधियां तेज नजर आईं और अधिकारियों ने माननीय अध्यक्ष को विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर बिजयनगर तहसीलदार रामकिशोर जांगिड़, बिजयनगर थाना प्रभारी करण सिंह खंगारोत सहित चिकित्सालय का चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा।
राजकीय उप जिला चिकित्सालय के निरीक्षण को स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की गुणवत्ता और मरीजों के अधिकारों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page