नीट पेपर लीक और महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर बर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष इशिका जैन रहीं अग्रणी
ब्यावर 29 मई (केकड़ी पत्रिका/तरन दीप सिंह) बर (ब्यावर)। नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण और महिला आरक्षण कानून को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को बर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर महिला कांग्रेस के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष इशिका जैन ने किया। इस दौरान केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।प्रदर्शन की शुरुआत बर डाक बंगले से हुई, जहां बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एवं कांग्रेसजन एकत्रित हुए।
इसके बाद महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष इशिका जैन के नेतृत्व में महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर मुख्य बस स्टैंड तक पैदल मार्च निकाला। पूरे रास्ते केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए तथा नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया गया।इस अवसर पर इशिका जैन ने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का भरोसा तोड़ा है। कांग्रेस पार्टी लगातार इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इशिका जैन के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखकर संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग की। साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाकर स्थानीय नागरिकों से समर्थन भी प्राप्त किया गया।इशिका जैन ने कहा कि संसद द्वारा महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बावजूद उसके क्रियान्वयन में देरी महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की भावना के विपरीत है।
कांग्रेस पार्टी महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष पिस्ता मेघरिख, बर ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष विमला मकवाना, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष महेंद्र चौहान, एडवोकेट धर्मेश रिणवा, मुर्तुजा कुरैशी, नरेश मेहरा, गणपत जलवानिया, अनुराग रिणवा, पेमाराम मेघवाल, हाजी कमरुद्दीन, संदीप जैन, ममता जैन, दिनेश नायक, हिमांशु जलवानिया सहित अनेक महिला एवं पुरुष कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।मुख्य बस स्टैंड पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया तथा नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने एवं महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू करने की मांग की। प्रदर्शन के अंत में इशिका जैन ने कहा कि जब तक युवाओं और महिलाओं से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार ठोस कदम नहीं उठाती, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।