14 August 2026

घर-घर तिरंगा अभियान के तहत निकली तिरंगा रैली, सशक्त युवा–सशक्त भारत का दिया संदेशकेकड़ी।

0
IMG-20260814-WA0024


केकड़ी 14 अगस्त ( केकड़ी पत्रिका/पूरण वर्मा की रिपोर्ट)
राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय, केकड़ी में आयोजित प्रथम एकदिवसीय शिविर का शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को समापन हुआ। शिविर के अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत महाविद्यालय के स्वयंसेवकों द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई। रैली पटेल मैदान से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए संपन्न हुई। रैली में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।


शिविर के दौरान ‘सशक्त युवा–सशक्त भारत’ अभियान के तहत तालुका विधिक सेवा समिति, केकड़ी के विधि प्रवक्ता पुखराज बेरवा ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने सशक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका और महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराध, कानूनी प्रावधानों एवं विभिन्न विधिक धाराओं की जानकारी प्रदान की।


विधि प्रवक्ता ने छात्र-छात्राओं को प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने की प्रक्रिया, साइबर अपराध से बचाव तथा आपराधिक प्रवृत्तियों से दूर रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने कानून से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।


राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रभारी लालचंद साहू ने विधि प्रवक्ता पुखराज बेरवा का आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ज्ञानचंद जांगिड़ ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. ज्ञानचंद जांगिड़ ने सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं महाविद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page