बघेरा में गुरु वंदन एवं सखा संगम कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित
- वर्षों बाद एक मंच पर मिले पुराने सहपाठी, गुरुजनों का हुआ सम्मान
बघेरा, 6 जून(केकड़ी पत्रिका ) ऐतिहासिक एवं पौराणिक नगरी बघेरा में शनिवार को “गुरु वंदन एवं सखा संगम” कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वर्षों पूर्व साथ पढ़ने वाले विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर पुनः आपसी मेल-मिलाप को बढ़ावा देना तथा गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान करना था।कार्यक्रम संयोजक वीरेंद्र सिंह नरूका ने बताया कि समय के साथ अधिकांश विद्यार्थी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में व्यस्त हो गए हैं।
कोई सरकारी अथवा निजी सेवा में कार्यरत है तो कोई व्यवसाय के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। ऐसे में वर्षों से अनेक सहपाठियों का आपसी संपर्क भी टूट गया था। इस कार्यक्रम के माध्यम से वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर सभी पूर्व विद्यार्थी भावुक एवं उत्साहित नजर आए। सभी ने साथ बैठकर अपने छात्र जीवन की पुरानी यादें ताजा कीं तथा हंसी-ठिठोली के बीच पुराने दिनों को याद किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय जीवन में शिक्षा प्रदान करने वाले गुरुजनों का साफा बंधन, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
सम्मानित गुरुजनों में श्री केसर लाल चौधरी, श्री रंगलाल जी माली, श्री परमेश्वर जी जोशी, श्री भानु प्रकाश चतुर्वेदी, श्री महेंद्र कुमार टेलर, श्री जगदीश जी वैष्णव, श्री नाथु सिंह जी खिड़यां, श्री किशन लाल चौधरी तथा श्री रामप्यारे लाल जी खारोल शामिल रहे।इस अवसर पर वक्ताओं ने गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में सफलता की नींव शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही मजबूत होती है। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व विद्यार्थियों ने समाज में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता के महत्व पर भी अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में स्थानीय युवाओं एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल एक मिलन समारोह नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा के सम्मान, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम को लेकर पूर्व विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।