गुरु वंदन एवं सखा संगम कार्यक्रम कल,तैयारियां पूरी
- वर्षों बाद एक मंच पर मिलेंगे पुराने सहपाठी, गुरुजनों का होगा सम्मान
बघेरा, 5 जून(केकड़ी पत्रिका ) ऐतिहासिक एवं पौराणिक नगरी बघेरा में वर्षों पूर्व साथ पढ़ने वाले स्कूल के विद्यार्थियों को एक बार पुनः मिलाने के उद्देश्य से शनिवार, 6 जून 2026 को “गुरु वंदन एवं सखा संगम” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक वीरेंद्र सिंह नरूका ने बताया कि समय के साथ अधिकांश विद्यार्थी अपने-अपने जीवन में व्यस्त हो गए हैं। कोई सरकारी अथवा निजी सेवा में कार्यरत है तो कोई व्यवसाय के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। ऐसे में वर्षों से अनेक सहपाठियों का आपसी संपर्क भी टूट गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्थानीय साथियों द्वारा एक अनूठी पहल की गई है, जिसके तहत लंबे समय से बिछड़े मित्रों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
गुरुजनों का होगा सम्मान
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यालय जीवन में शिक्षा प्रदान करने वाले गुरुजनों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही पुराने सहपाठी एक-दूसरे से मिलकर छात्र जीवन की यादों को ताजा करेंगे तथा आपसी संबंधों को पुनः मजबूत बनाने का अवसर प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए स्थानीय युवाओं को विभिन्न कार्यों की अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्वागत, पंजीयन, मंच व्यवस्था, गुरुजन सम्मान, संपर्क अभियान, भोजन व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। युवा पूरी लगन एवं उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, जिससे कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल एक मिलन समारोह नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा के सम्मान एवं पुराने मित्रों के बीच आत्मीयता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम को लेकर पूर्व विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।