बिजयनगर में ट्रस्ट श्री गुरु सिंह सभा की नई कार्यकारिणी का गठन, दो वर्ष का रहेगा कार्यकाल
बिजयनगर 18 अप्रैल (केकड़ी पत्रिका/ तरन दीप सिंह) ट्रस्ट श्री गुरु सिंह सभा, बिजयनगर में मंगलवार को गुरुद्वारा परिसर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों एवं गणमान्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न पदों पर नियुक्तियां करते हुए नई टीम को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नवगठित कार्यकारिणी में हरगोविन्द सिंह टुटेजा को संरक्षक, गुरुभेज सिंह टुटेजा को प्रधान, गगनदीप सिंह को सचिव तथा दिलप्रीत सिंह को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही जगजीत सिंह को उपप्रधान, गुरप्रीत सिंह को सह कोषाध्यक्ष एवं हरमीत सिंह को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।बैठक में उपस्थित समाजजनों ने सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित टीम समाज एवं गुरुद्वारा सेवा कार्यों को नई दिशा प्रदान करेगी।
सभी सदस्यों ने समाजहित, धार्मिक गतिविधियों के विस्तार तथा सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।नई कार्यकारिणी का कार्यकाल दो वर्ष का निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।