2 August 2026

त्रिवेणी आयुष नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थियों ने शैक्षिक भ्रमण के दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं पंचकर्म का लिया व्यावहारिक ज्ञान*

0
IMG-20260801-WA0005

केकड़ी 01 अगस्त ( केकड़ी पत्रिका) त्रिवेणी आयुष नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र, गुलगांव (केंद्र कोड-96) के छात्र-छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण कृष्ण गोपाल कालेड़ा आयुर्वेदिक धर्मार्थ औषधालय, कालेड़ा, कृष्ण गोपाल, केकड़ी (अजमेर) में आयोजित किया गया। इस शैक्षिक भ्रमण में प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र फौजदार एवं डॉ. किरण खटीक भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रणाली, औषधालय की कार्यप्रणाली, पंचकर्म चिकित्सा एवं औषध निर्माण की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

भ्रमण के दौरान औषधालय की फार्मेसी अध्यक्ष कृष्णनाथ तिलक एवं मैनेजिंग डायरेक्टर कौशल शर्मा ने छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए औषधालय की स्थापना, कार्यप्रणाली, औषध निर्माण, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आयुर्वेदिक चिकित्सा की उपयोगिता एवं वर्तमान समय में इसकी बढ़ती महत्ता के बारे में भी बताया। इसके पश्चात डॉ. दिनेश ने विद्यार्थियों को पंचकर्म चिकित्सा पद्धति की विस्तृत जानकारी देते हुए पंचकर्म में प्रयुक्त विभिन्न यंत्रों एवं उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया। उन्होंने प्रत्येक यंत्र की कार्यप्रणाली, उपयोग एवं विभिन्न रोगों के उपचार में उसकी भूमिका को सरल एवं व्यावहारिक रूप से समझाया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अशोक शर्मा एवं डॉ. बृजेंद्र चौधरी ने आयुर्वेद में होने वाले प्रमुख रोगों, उनके कारण, बचाव एवं उपचार पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने औषधालय के विभिन्न विभागों का अवलोकन कर रोगी पंजीकरण, औषध निर्माण, औषध वितरण, पंचकर्म चिकित्सा, चिकित्सकीय उपकरणों तथा दैनिक प्रशासनिक कार्यों का व्यावहारिक अध्ययन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने चिकित्सकों से संवाद कर अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं, जिससे उनके व्यावसायिक ज्ञान एवं कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र फौजदार ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। वहीं डॉ. किरण खटीक ने विद्यार्थियों को प्राप्त ज्ञान का अपने भविष्य के व्यावसायिक जीवन में सदुपयोग करने तथा आयुर्वेदिक चिकित्सा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। अंत में त्रिवेणी आयुष नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र परिवार ने कृष्ण गोपाल कालेड़ा आयुर्वेदिक धर्मार्थ औषधालय के प्रबंधन, चिकित्सकों एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page