मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन,विद्यालय मर्ज करने पर ग्रामीणों में आक्रोश
कुशायता,07 जनवरी (केकड़ी पत्रिका/ हंसराज खारोल)सावर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अंतर्गत ग्राम पंचायत चितिवास के ग्राम लक्ष्मीपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को 6 किलोमीटर दूर ग्राम पिपलिया के विद्यालय में मर्ज किए जाने के आदेश को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
इसी क्रम में आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम तहसीलदार सावर भगवती प्रसाद वैष्णव को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन ग्राम पंचायत चितिवास की प्रशासक लाली देवी गुर्जर एवं समाजसेवी महावीर गुर्जर के सानिध्य में उपखंड अधिकारी कार्यालय सावर में दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि गत दिनों बारिश के दौरान राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुरा का भवन अत्यधिक जर्जर हो जाने के कारण उसे जमींदोज करना पड़ा। इसके बाद भी गांव में ही स्थित सरकारी सामुदायिक भवन में विद्यालय का अध्ययन कार्य नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।इसके बावजूद निदेशक शिक्षा विभाग बीकानेर द्वारा आदेश जारी कर विद्यालय को 6 किलोमीटर दूर ग्राम पिपलिया के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में समायोजित कर दिया गया है।

इस निर्णय से विद्यालय में अध्ययनरत लगभग 70 बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि लक्ष्मीपुरा से पिपलिया की दूरी करीब 6 किलोमीटर है, जहां पहली कक्षा से आठवीं कक्षा तक के छोटे-छोटे बच्चों का नियमित आना-जाना संभव नहीं है।ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जब तक नए विद्यालय भवन का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक वर्तमान में जिस सरकारी सामुदायिक भवन में विद्यालय संचालित हो रहा है, वहीं अध्ययन कार्य जारी रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो ग्रामीणों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और शिक्षा विभाग के इस निर्णय को बच्चों के भविष्य के लिए घातक बताया।
