ग्राम पंचायत सदारी: ग्रामीण सेवा शिविर में 22 विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी, कई मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण
कुशायता 15 जून ( केकड़ी पत्रिका/हँस राज खारोल) ग्राम पंचायत सदारी मुख्यालय पर ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में जिला रसद अधिकारी एवं शिविर प्रभारी मोनिका जाखड़, कार्यवाहक सावर उपखंण्ड अधिकारी भगवती प्रसाद वैष्णव, अतिरिक्त विकास अधिकारी देवकरण बेरवा, सहायक विकास चिरंजी लाल वर्मा, स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रियंक दाधीच, ग्राम विकास अधिकारी कालूराम गुर्जर, कनिष्ठ सहायक कालूराम रेगर, गौरव कुमार उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में कुल 22 विभागों ने सहभागिता करते हुए अपनी-अपनी योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की तथा अनेक प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया।
शिविर के दौरान 12 पट्टों का वितरण किया गया। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत 10 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के दो लाभार्थियों को तृतीय किस्त का भुगतान स्थानांतरित किया गया। इसके अलावा पेंशन सत्यापन, जन आधार सत्यापन, मंगला पशु बीमा पॉलिसी, प्रधानमंत्री फसल बीमा पॉलिसी, राजस्व खातों के शुद्धिकरण, जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्रों से संबंधित कार्यों के साथ-साथ आपसी सहमति से विभाजन प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया।
ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर मिलने से समय और संसाधनों की बचत हुई तथा कई लंबित समस्याओं का समाधान भी संभव हो सका।