तुलसीदास जी की बावड़ी महा यज्ञ: 22 मई को खडेसर बाबा को महनंताई दी जाएगी, तैयारियां चल रही हैं
बघेरा 21 मई (केकड़ी पत्रिका) निकटवर्ती काबरिया ग्राम पंचायत बघेरा स्थित अति प्राचीन हनुमान मंदिर तुलसीदास जी की बावड़ी में आयोजित नवकुण्डात्मक श्रीराम महायज्ञ का आज तीसरा दिन पूर्ण हो गया। इस दौरान 22 मई को खडेसर बाबा को महनंताई दी जाएगी, जिसकी तैयारियां चल रही हैं।अखिल भारतीय चतुर्थ संप्रदाय के अध्यक्ष हनुमान दास महाराज ने बताया कि महनंताई समारोह में राजस्थान के अजमेर, केकड़ी, पुष्कर और मालपुरा से साधु-संत शामिल होंगे। इस अवसर पर उनका विदाई समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन वैदिक विधि-विधान से पूजन, हवन, मंडप प्रवेश, देव आवाहन और विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। भारतीय सेना में धर्मगुरु के पद पर कार्यरत राजगुरु पंडित मृत्युंजय शास्त्री के निर्देशन में यह आयोजन चल रहा है। प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा और रात्रि में रामलीला मंचन भी किया जा रहा है।आयोजन स्थल पर वैदिक ऋचाओं की गूंज और हवन की दिव्य सुगंध से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं तथा वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य आहुतियाँ अर्पित कर लोककल्याण एवं विश्व शांति की मंगलकामना कर रहे हैं।आचार्य पंडित महावीर शास्त्री देवगांव ने इस अवसर पर कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति की आत्मा है।

यज्ञ से न केवल धार्मिक पुण्य मिलता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और धर्म चेतना का भी विस्तार होता है। उन्होंने जोर दिया कि जब समाज वैदिक परंपराओं से जुड़ता है, तब राष्ट्र की सांस्कृतिक शक्ति और अधिक सुदृढ़ होती है।आयोजन समिति के अनुसार, महायज्ञ के समापन अवसर पर पूर्णाहुति, महाआरती, संत महात्मा सम्मान तथा ब्राह्मण विदाई महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरण, सामाजिक समरसता एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रेरणादायी उदाहरण बन रहा है।हालांकि, यज्ञ स्थल तक पहुंचने का रास्ता बहुत खराब होने के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति के लिए ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।