पतंगों की दुकानों पर उमड़ी भारी भीड़, गायों को चारा डाल किया दानपुण्य
सावर 14 जनवरी केकड़ी पत्रिका/हंसराज खारोल) निकटवर्ती ग्राम कुशायता, गोरधा, पिपलाज, आमली, सोकिया का खेड़ा, बिसुदनी, कीडवा का झोपड़ा, सुरजपुरा सहित आसपास के सभी गांवों में बुधवार को मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही छतों पर युवाओं व बच्चों की चहल-पहल शुरू हो गई, जो दिनभर पतंगबाजी के उत्साह में बनी रही।
मकर संक्रांति को लेकर कस्बों व गांवों के बाजारों में पतंगों की दुकानों पर युवाओं व बच्चों की भारी भीड़ देखने को मिली। कुशायता व बिसुदनी में जगह-जगह पतंगों की दुकानें सजी हुई नजर आईं, जहां युवा और बच्चे पतंग व डोर खरीदते दिखाई दिए। इस वर्ष मकर संक्रांति को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जिसके चलते पतंगों की दुकानों की संख्या भी अधिक रही और लगभग हर दुकान पर भीड़ लगी रही।वहीं दूसरी ओर सुहागिन महिलाओं द्वारा तेरुणा बांटने की परंपरा निभाने के लिए बाजारों में तेरुणा खरीदने को लेकर महिलाओं की भी अच्छी खासी भीड़ नजर आई।इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं एवं दुकानदारों द्वारा जगह-जगह पोष बड़ा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
पर्व के अवसर पर गौ सेवा को प्राथमिकता देते हुए कई स्थानों पर गायों को चारा डाला गया, जिससे सामाजिक समरसता और परंपराओं का सुंदर संदेश देखने को मिला। कुल मिलाकर क्षेत्र में मकर संक्रांति का पर्व धार्मिक आस्था, सामाजिक सहयोग और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
