17 April 2026

राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में आत्मरक्षा प्रशिक्षण जारी, छात्राओं को सिखाए जा रहे आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर

0
Screenshot_2025-08-08-17-30-37-07_7352322957d4404136654ef4adb64504

केकड़ी, 8 अगस्त (केकड़ी पत्रिका/अम्बा लाल गुर्जर) राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र के तत्वावधान में 4 अगस्त 2025 से चल रहे आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। मारुति मार्शल आर्ट अकादमी के संचालक एवं कराटे में गोल्ड मेडलिस्ट श्री नीलेश नामा ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकी विधियाँ सिखाईं।

प्रशिक्षक नीलेश नामा महाविद्यालय में यह प्रशिक्षण निशुल्क रूप से प्रदान कर रहे हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल है।प्रशिक्षण में उन्होंने छात्राओं को आपात स्थिति में बचाव के लिए उपयोगी मूव्स, संतुलन बनाए रखने की तकनीकें, और हमले का व्यावहारिक सामना करने के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम प्रभारी माया पारीक ने बताया कि प्रशिक्षण के प्रथम सप्ताह में छात्राओं को सतर्कता, तेज़ आवाज़ में सहायता माँगना, हमलावर के कमजोर बिंदुओं पर प्रहार तथा सेफ्टी पिन, चाबी, पेन या बैग जैसे दैनिक उपयोग की वस्तुओं को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की तकनीकें सिखाई गईं। इसके अतिरिक्त, आत्मविश्वास बनाए रखने और मानसिक दृढ़ता के महत्व पर विशेष बल दिया गया।

सह प्रभारी अधिराज जोधा ने छात्राओं को राजकॉप ऐप और महिला हेल्पलाइन नंबर जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं से भी परिचित कराया।प्रशिक्षक श्री नीलेश नामा ने कहा कि प्रत्येक महिला और छात्रा का आत्मरक्षा में दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है, और वे सदैव इसके लिए निःस्वार्थ भाव से निशुल्क प्रशिक्षण देने के लिए तत्पर हैं। कार्यक्रम में उपस्थित प्रशिक्षण सलाहकार श्री कवित्त ‌त्रिवेदी एवम् महाविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ रजनी, मनोज कुमार ढाका ,तनु बसवाल, हंसराज, शहजाद अली आदि ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page