कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय की टीम ने किया फ़सलों का सर्वे
बारां, 13 दिसंबर(केकड़ी पत्रिका न्यूज पोर्टल) कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के केन्द्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केन्द्र, जयपुर की केन्द्राधीक्षक डॉ. वसुधा गौतम द्वारा गठित टीम ने बुधवार को किसानों व कृषि अधिकारियों को राष्ट्रीय नाशीजीव सर्वेक्षण सिस्टम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान ज़िला कृषि अधिकारियों के साथ ज़िले का त्वरित फसल सर्वे किया गया। इसी के साथ किसानों को बीजोपचार के लिए ट्राईकोडर्मा का वितरण किया गया। केन्द्र के सहायक वनस्पति संरक्षक अधिकारी अनिल कुमार विश्नोई ने खेती की आईपीएम तकनीक के बारे में बताया तथा उन्होंने रासायनिक कीटनाशकों का प्रयोग केवल अंतिम उपाय के रूप में ही करने की सलाह दी। सहायक वनस्पति संरक्षक अधिकारी जगदीश यादव ने कृषि रसायनों के अधिक प्रयोग से मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी व कीटनाशकों को सही तरीक़े से उपयोग करने की जानकारी दी। इस दौरान सहायक निदेशक धनराज मीना व सहायक कृषि अधिकारी राजकुमार मीना ने भी राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में बताया।