कुशायता से गोरधा जा रही बीसलपुर पाइपलाइन से 30 अवैध नल कनेक्शन काटे, नोटिस जारी
कुशायता 02 जून (केकड़ी पत्रिका/हंसराज खारोल) ग्राम पंचायत कुशायता मुख्यालय स्थित जलदाय विभाग के पम्प हाउस से गोरधा की ओर जा रही बीसलपुर पेयजल पाइपलाइन पर कार्रवाई करते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की टीम ने मंगलवार को 30 अवैध नल कनेक्शन काट दिए। साथ ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर निर्धारित पेनल्टी राशि जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचंद्र राड़ के निर्देश पर सहायक अभियंता योगेश कुमार कटारिया एवं कनिष्ठ अभियंता दीपक कुमार शर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीम कुशायता पहुंची। निरीक्षण के दौरान कुशायता पम्प हाउस से उमेदपुरा, बिसुदनी, सूरजपुरा, कीडवा का झोपड़ा एवं गोरधा की ओर जा रही 150/100 एमएम डीआई केजी राइजिंग मेन पाइपलाइन से 15 एमएम के 30 अवैध नल कनेक्शन पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से हटाया गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अवैध कनेक्शनों के कारण गोरधा, सोकिया का खेड़ा, गोपालपुरा, चौकी का झोपड़ा, पिपलाज, देवमंड तथा गोठड़ा सहित कई गांवों में पेयजल आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित हो रही थी, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य राजस्थान वाटर सप्लाई रूल्स-1967 (संशोधित) तथा राज्य सरकार के 22 जुलाई 2024 एवं 1 अप्रैल 2017 के जारी परिपत्रों का स्पष्ट उल्लंघन है। विभागीय नियमों के अनुसार दोषियों पर 32,124 रुपये की पेनल्टी निर्धारित की गई है, जिसकी वसूली भू-राजस्व की तरह की जाएगी।
विभाग ने चेतावनी दी है कि सात दिन के भीतर पेनल्टी राशि जमा नहीं कराने अथवा दोबारा अवैध नल कनेक्शन लेने पर सावर थाने में मामला दर्ज कराया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) (सरकारी पानी की चोरी) एवं धारा 326ए (सरकारी संपत्ति को नुकसान) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्यवाही के दौरान सहायक अभियंता योगेश कटारिया, कनिष्ठ अभियंता दीपक शर्मा, नोरत कुमार साहू, नवीन शर्मा, दीपक साहू, रामनिवास मीणा सहित विभागीय कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।