23 May 2026

श्री राम महायज्ञ :क्षेत्र धर्ममय वातावरण से ओतप्रोत

0
IMG-20260523-WA0017

बघेरा 23 मई ( केकड़ी पत्रिका) काबरिया ग्राम पंचायत बघेरा स्थित अति प्राचीन हनुमान मंदिर तुलसीदास जी की बावड़ी में आयोजित नवकुण्डात्मक श्रीराम महायज्ञ का पंचम दिवस श्रद्धा, आस्था एवं वैदिक परंपराओं के अद्भुत संगम के मध्य संपन्न हुआ। महायज्ञ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियाँ अर्पित कर लोककल्याण, सुख-समृद्धि एवं विश्व शांति की मंगलकामना कर रहे हैं।

पंचम दिवस पर प्रधान यजमान बनने हेतु निम्हेडा निवासी जुहार जी घोटवाल द्वारा 81 हजार 500 रुपये की बोली लगाई गई, जिसने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का वातावरण बना दिया। वहीं आगामी 25 मई को आयोजित होने वाले वट-पीपल विवाह की बोली भी श्रद्धालुओं के मध्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जो समाचार लिखे जाने तक 52 हजार 500 रुपये तक पहुंच गई।

इसके अतिरिक्त तुलसी-शालिग्राम विवाह की बोली 31 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है, जबकि विशेष हनुमान पूजन की बोली 61 हजार रुपये तक चल रही है। श्रद्धालु तन, मन और धन से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र धर्ममय वातावरण से ओतप्रोत दिखाई दे रहा है।

भारतीय सेना में धर्मगुरु के पद पर कार्यरत राजगुरु पंडित मृत्युंजय शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हो रहे इस महायज्ञ में प्रतिदिन वैदिक विधि-विधान से पूजन, हवन, देव आवाहन एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। साथ ही श्रीमद्भागवत कथा एवं रात्रिकालीन रामलीला मंचन श्रद्धालुओं को धर्म और संस्कृति से जोड़ रहे हैं।

आचार्य पंडित महावीर शास्त्री देवगांव ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति की आत्मा है। यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार एवं धर्म चेतना जागृत करने का दिव्य माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को वैदिक परंपराओं और सनातन संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।

यज्ञ स्थल पर वैदिक ऋचाओं की गूंज, हवन की दिव्य सुगंध तथा संत-महात्माओं के सान्निध्य से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु भक्तिभाव से अनुष्ठानों में भाग लेकर अपने परिवार, समाज एवं राष्ट्र की मंगलकामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page