4 March 2026

विश्व मोटापा दिवस पर केकड़ी में जागरूकता शिविर,80 योग साधक लाभान्वित

0
IMG-20260304-WA0001

केकड़ी- 4 मार्च (केकड़ी पत्रिका ) विश्व मोटापा दिवस के अवसर पर केकड़ी में स्वास्थ्य जागरूकता का सराहनीय प्रयास देखने को मिला। यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी, केकड़ी के प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभाग द्वारा गौशाला सत्संग भवन में संचालित पतंजलि गांधी पार्क योग कक्षा में एक प्रभावशाली जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 80 महिला एवं पुरुष योग साधकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

शिविर चिकित्सा प्रभारी एवं विभागाध्यक्ष प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभाग डॉ. अंशुल चाहर ने योग कक्षा के दौरान उपस्थित महिला पुरुष योग साधकों को मोटापा क्या है, इसे कैसे पहचाना जाए, मोटापे से संबंधित गंभीर बीमारियाँ तथा मोटापा नियंत्रण के सरल, प्रभावी, व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।उन्होंने उपस्थित योग साधकों को मोटापा की परिभाषा, उसके लक्षण, पहचान की विधि (बीएमआई एवं शारीरिक संकेतों के माध्यम से) तथा मोटापे से जुड़ी गंभीर बीमारियों जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, थायरॉइड असंतुलन एवं जोड़ों के दर्द के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

डॉ. चाहर ने अपने संबोधन में कहा कि “मोटापा केवल शारीरिक बनावट का विषय नहीं, बल्कि यह कई गंभीर रोगों का मूल कारण बन सकता है। समय रहते जागरूकता और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर इसे नियंत्रित किया जा सकता है।” उन्होंने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित योगाभ्यास, प्रतिदिन कम से कम 7–8 घंटे की पर्याप्त नींद तथा तनाव प्रबंधन को मोटापा नियंत्रण के चार प्रमुख स्तंभ बताया। साथ ही उन्होंने घरेलू स्तर पर अपनाए जा सकने वाले सरल, प्रभावी एवं वैज्ञानिक उपाय भी साझा किए।शिविर के सफल आयोजन में महाविद्यालय के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी भाविक चौधरी का उल्लेखनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न भी पूछे, जिनका डॉ चाहर द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया।शुरुआत में योग समिति द्वारा डॉ अंशुल चाहर का पतजंलि योग पीठ का ओपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया गया।कार्यक्रम के समापन पर पतंजलि योग समिति के प्रभारी योगगुरु जे.पी. सोनी ने डॉ. अंशुल चाहर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज को स्वस्थ दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर में पतजंलि योग समिति के संरक्षक छितरमल न्याति, सह प्रभारी सोहनलाल सिसोदिया, महिला पतंजलि योग समिति की सह प्रभारी रिंकू विजय, मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष योग साधक उपस्थित रहे।अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने समस्त योग साधकों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए ऐसे जनहितकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।विश्व मोटापा दिवस पर आयोजित यह शिविर न केवल जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सामूहिक संकल्प भी साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page