देवमाली में 1.6 किमी सड़क बनेगी फोरलेन,देवमाली गेट से देवनारायण मंदिर तक होगा चौड़ीकरण
Oplus_16908288
- पूरक बजट में 5 करोड़ का प्रावधान, देवमाली गेट से देवनारायण मंदिर तक होगा चौड़ीकरण
केकड़ी, 17 फरवरी(केकड़ी पत्रिका ) राजस्थान सरकार द्वारा मंगलवार को विधानसभा में प्रस्तुत पूरक बजट 2026-27 में ब्यावर जिले के प्रसिद्ध क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात घोषित की गई है। बजट में देवमाली गांव में देवमाली गेट से देवनारायण मंदिर तक लगभग 1.6 किलोमीटर सड़क को फोरलेन (चार लेन) बनाने का प्रावधान किया गया है। इस कार्य पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है।
यह सड़क देवमाली क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को देखते हुए लंबे समय से चौड़ीकरण की मांग में रही है। देवनारायण भगवान के प्रसिद्ध मंदिर तक आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के कारण वर्तमान सड़क संकरी पड़ रही थी, जिससे यातायात और पार्किंग की समस्या बनी रहती थी।घोषणा के अनुसार सड़क को फोरलेन बनाने के साथ आवश्यक नाली, सुदृढ़ीकरण और सुरक्षा प्रबंध भी किए जाएंगे। इससे मंदिर मार्ग पर यातायात सुगम होगा तथा देवमाली क्षेत्र के पर्यटन विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य बताते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है।