भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर ग्राम पंचायत कुशायता गोरधा में विशेष संगोष्ठी का आयोजन
कुशायता 07 नवम्बर (केकड़ी पत्रिका/हंसराज खारोल) राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेशभर में भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में ‘‘जनजातीय गौरव वर्ष’’ के तहत विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत कुशायता गोरधा मुख्यालय पर शुक्रवार को विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में ‘‘धरती आभा एवं ग्राम पंचायत कुशायता गोरधा क्षेत्र की आधारभूत संरचनाओं में गैप फिलिंग संबंधी विषयों’’ पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित प्रतिभागियों ने भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को आत्मसात करने की शपथ ली।
ग्राम विकास अधिकारी मनजीत सिंह चौधरी एवं किशन माली (निवासी बिसुदनी) ने बताया कि 1 से 15 नवम्बर 2025 तक भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुशायता गोरधा में विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा के जीवन आदर्श, संघर्ष और योगदान से समाज को प्रेरित करने तथा वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास कार्यों को जनसहभागिता आधारित अभियान के रूप में आगे बढ़ा रही है। भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर आरम्भ हुई यह श्रृंखला समाज के आदिवासी गौरव, स्वाभिमान एवं सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का एक सशक्त माध्यम है।इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुशायता मुख्यालय की प्रशासक रसाल देवी खारोल, ग्राम विकास अधिकारी मनजीत सिंह चौधरी, एलडीसी इन्दिरा कुमावत, गोरधा मुख्यालय की प्रशासक पपिता देवी मीणा, ग्राम विकास अधिकारी किशन माली, सहायक कृषि अधिकारी रामदयाल कुमावत, कृषि पर्यवेक्षक रामदयाल मीणा, सोहन मीणा, चेतन मीणा, सुरेश बलाई सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।