अरांई में राखी पर्व पर बाजार गुलजार, दुकानों पर उमड़ी भीड़।
अराई 08 अगस्त (केकड़ी पत्रिका/संजीव पाराशर) भाई-बहन के पवित्र प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर अरांई का बाजार शुक्रवार को पूरी तरह गुलजार नज़र आया। सुबह से ही राखी की दुकानों और मिठाई की दुकानों पर ग्रामीण अंचल से महिला-पुरुषों की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी के चेहरों पर उत्साह साफ झलक रहा था। बाजार में इस अवसर पर राखियों की विविधता देखने को मिली।
साधारण सूती राखियों से लेकर मोती, जरी, स्टोन व डिजाइनर राखियों तक, हर तरह की क्वालिटी की राखियां ग्राहकों को आकर्षित कर रही थीं। दुकानदारों ने भी त्योहार को ध्यान में रखते हुए नई-नई डिजाइन और रंग-बिरंगी राखियों का स्टॉक सजाया था। बहनें अपने भाइयों के लिए पसंदीदा राखी चुनने में मशगूल रहीं, वहीं बच्चे कार्टून व सुपरहीरो थीम वाली राखियों में खास दिलचस्पी दिखा रहे थे। मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर रौनक बनी रही। रसगुल्ला, गुलाब जामुन, लड्डू और काजू कतली के साथ-साथ घेवर की मांग सबसे अधिक रही। राखी से पहले ही कई दुकानों पर घेवर के ऑर्डर बुक हो गए थे। स्थानीय मिठाई व्यापारी कपिल गौड़ ने बताया कि इस बार बिक्री उम्मीद के अनुसार अच्छी रही है।
गौड़ ने बताया कि रक्षाबंधन पर घेवर की मांग हर साल बढ़ रही है और इस बार बीते सालों से ज्यादा घेवर की बिक्री हुई है। ग्रामीण इलाकों से आए लोग भी खरीदारी में पीछे नहीं रहे। त्योहार के दिन होने के कारण कपड़ों और सजावटी सामान की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ी रही। त्योहार के माहौल ने पूरे बाजार को रंगीन और चहल-पहल से भर दिया। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस बार राखी पर बिक्री पिछले साल से बेहतर रही है। उत्सव की उमंग, भाई-बहन के रिश्ते की मिठास और रंगीन बाजार ने अरांई को रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर खास बना दिया।