बिजली गिरने से ट्रांसफॉर्मर जला, पूरी रात अंधेरे में डूबा रहा कुशायता गाँव

कुशायता 09 जुलाई ( केकड़ी पत्रिका/ हंसराज खारोल) बुधवार रात्रि को तेज बारिश और तेज हवाओं के बीच ग्राम पंचायत कुशायता क्षेत्र के बिसुदनी गांव में सरस डेयरी के सामने स्थित विद्युत ट्रांसफॉर्मर पर आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफॉर्मर जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते ग्राम पंचायत कुशायता के कई गांव पूरी रात अंधेरे में डूबे रहे।प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रांसफॉर्मर पर बिजली गिरने से कुशायता, बिसुदनी, किशनपुरा, सूरजपुरा, बनेडिया, उमेदपुरा, कुशायता का झोपड़ा सहित आसपास के गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।
पूरी रात बिजली नहीं आने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। छोटे बच्चों का गर्मी और अंधेरे के कारण रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं ग्रामीणों में चोरी की आशंका को लेकर भी भय बना रहा।
गुरुवार सुबह विद्युत विभाग के लाइनमैन रजत चौधरी ने बताया कि बुधवार रात बिसुदनी गाँव में आकाशीय बिजली गिरने से सरस डेयरी के सामने लगा ट्रांसफॉर्मर जल गया था, जिसके कारण रातभर बिजली आपूर्ति बंद रही।इसके बाद गुरुवार सुबह विद्युत विभाग के ठेकेदार की टीम मौके पर पहुंची और नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी। बिजली चालू होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।