बघेरा एसबीआई का एटीएम कक्ष महीनों से अनियमित, ग्राहक परेशान,ग्राहक परेशान
बंद पड़ा एटीम कक्ष
- भारतीय स्टेट बैंक मना रहा है अपना स्थापना दिवस और ग्राहक परेशान
- से शाम 4 बजे तक ही खुलने का आरोप, 24 घंटे सुविधा बहाल करने की उठी मांग
बघेरा (अजमेर) 1 जुलाई(केकड़ी पत्रिका )भारतीय स्टेट बैंक, बघेरा शाखा के एटीएम कक्ष के अनियमित संचालन को लेकर स्थानीय खाताधारकों एवं उपभोक्ताओं में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्राहकों का आरोप है कि बैंक का एटीएम कक्ष पिछले कई महीनों से निर्धारित 24 घंटे के बजाय प्रायः केवल सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक ही खुला रखा जाता है। इसके बाद एटीएम कक्ष बंद कर दिया जाता है, जबकि कई अवसरों पर बिना किसी पूर्व सूचना के पूरे दिन भी बंद रहता है।ग्राहकों का कहना है कि एटीएम कक्ष के समय से पूर्व बंद रहने के कारण नकद निकासी सहित अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में शाखा स्तर पर कई बार मौखिक शिकायतें एवं संपर्क किए जाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।बताया जाता है कि दूरभाष पर संपर्क करने पर बैंक की ओर से कैमरे की व्यवस्था नहीं होने का हवाला देते हुए एटीएम कक्ष बंद रखने की बात कही जाती है। ग्राहकों का कहना है कि यदि सुरक्षा संबंधी कोई समस्या है तो उसका स्थायी समाधान बैंक प्रशासन द्वारा किया जाना चाहिए, न कि ग्राहकों को आवश्यक बैंकिंग सुविधाओं से वंचित किया जाए।ग्राहकों के अनुसार इस विषय में पूर्व में भी कई शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि एटीएम सुविधा बैंक की 24×7 उपलब्ध रहने वाली महत्वपूर्ण सेवा है और इसे अनावश्यक रूप से बंद रखना ग्राहकों के हितों के विपरीत होने के साथ-साथ बैंक की सेवा गुणवत्ता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
ग्राहकों ने बैंक के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान कर एटीएम कक्ष को नियमानुसार चौबीसों घंटे संचालित कराया जाए। साथ ही यदि किसी अपरिहार्य कारणवश एटीएम कक्ष बंद रखना आवश्यक हो तो उसकी स्पष्ट सूचना प्रदर्शित की जाए तथा ग्राहकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि जनहित एवं ग्राहक सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैंक प्रशासन इस मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा और एटीएम सेवा को नियमित रूप से 24 घंटे उपलब्ध कराएगा।