यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ होमियोपैथी द्वारा लू से बचाव हेतु जन-जागरूकता शिविर आयोजित
केकड़ी 20 मई (केकड़ी पत्रिका) यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ होमियोपैथी, केकड़ी द्वारा लू से बचाव हेतु जन-जागरूकता शिविर आयोजित।यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ होमियोपैथी, केकड़ी द्वारा बढ़ती गर्मी, लू से बचाव के उद्देश्य से जन-जागरूकता अभियान एवं नि:शुल्क होम्योपैथिक औषधि वितरण शिविर का आयोजन बुधवार 20 मई 2026 को बस स्टैंड परिसर, केकड़ी में किया गया।
शिविर में चिकित्स्कीय टीम में शिविर चिकित्सा प्रभारी डॉ. अंशुल चाहर, विभागाध्यक्ष फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग डॉ. गौरव गुप्ता , सहायक आचार्य पैथोलॉजी विभाग डॉ. भारत शर्मा , सहायक आचार्य ऑर्गनन ऑफ़ मेडिसिन विभाग डॉ. भगवान सिंह बेरवा, कंपाउंडर प्रकाश जैन एवं वीरेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।शिविर में लगभग 500 लोगों को लू से बचाव हेतु नि:शुल्क होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर के दौरान उपस्थित नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में बाहर निकलने से बचने, सिर को ढककर रखने तथा हल्के एवं सूती वस्त्र पहनने की सलाह भी दी गई।
चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अत्यधिक गर्मी में बाहर निकलने से बचना चाहिए तथा शरीर में पानी एवं इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी न होने दें। गर्मी के मौसम में नींबू पानी, छाछ, ओआरएस एवं ताजे फलों का सेवन लाभकारी होता है।शिविर के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर शाह ने आयोजकों का धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे जन-जागरूकता शिविर समाज को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर के सफल संचालन में भारत विकास परिषद के प्रकल्प प्रभारी रामगोपाल सैनी, सचिव रामनिवास जैन, शिवपाल सिंह,नंदलाल गर्ग एवं कैलाश जैन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।