बघेरा-देवली मार्ग बदहाल, जलभराव से ग्रामीण परेशान, गहरे गड्ढों और कीचड़ से आवाजाही मुश्किल, प्रशासन से शीघ्र सुधार की मांग
Oplus_16908288
बघेरा 06 मई (केकड़ी पत्रिका/स्वाति पाठक )बघेरा को सीधे देवली से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव होने से स्थानीय ग्रामीणों तथा राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
सैकड़ों ट्रेलरों की आवाजाही से सड़क हुई जर्जर
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क टोडारायसिंह को देवली से जोड़ती है और बघेरा होकर गुजरती है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रेनाइट से भरे ट्रेलर गुजरते हैं, जिससे सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। भारी वाहनों के दबाव से सड़क जगह-जगह टूट चुकी है।हल्की बारिश में भर जाता है पानी।ग्रामीणों के अनुसार हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वाहन चालक अक्सर हादसों का शिकार हो जाते हैं।
वाहन क्षतिग्रस्त,लोग हो चुके चोटिल
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों में गिरकर कई वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और कई लोग चोटिल भी हुए हैं। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक बन गया है। रात के समय अंधेरे में स्थिति और गंभीर हो जाती है।कई बार शिकायत, फिर भी नहीं समाधानमोनू प्रजापत, गोपी कीर, मोरपाल कीर, सुगना कुमार, बावला कीर, सुरेश कीर और आप्पू जोशी ने बताया कि वे कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत देकर समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
जल्द मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की शीघ्र मरम्मत करवाई जाए तथा जलभराव की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।