वैष्णव छात्रावास केकड़ी में हनुमान जयंती पर भव्य सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं महाआरती सम्पन्न
केकड़ी 2 अप्रैल (केकड़ी पत्रिका) हनुमान जयंती के पावन अवसर पर अजमेर रोड़ स्थित वैष्णव छात्रावास में वैष्णव समाज के तत्वावधान में भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के वृद्धजन, युवा साथियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11:00 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने एक स्वर में पाठ कर प्रभु श्रीराम के परम भक्त भगवान हनुमान का गुणगान किया। पूरे परिसर में गूंजते भजनों और मंत्रोच्चार से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।
सामूहिक पाठ के पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान हनुमान की आराधना की और सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद सभी उपस्थित जनों को प्रसाद वितरण किया गया।कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। आयोजन के सफल संचालन में वैष्णव समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।अध्यक्ष सीताराम वैष्णव ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।