टुटेजा का केंद्र सरकार पर तीखा हमला,गैस संकट और बढ़ती महंगाई के विरोध में बिजयनगर में कांग्रेस का जोरदार धरना-प्रदर्शन,
बिजयनगर, 15 मार्च (केकड़ी पत्रिका/तरन दीप सिंह) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आह्वान पर रविवार को बिजयनगर के पीपली चौराहा पर राजीव गांधी पंचायत राज संगठन कांग्रेस के तत्वावधान में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई और गैस संकट के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष हरीश शर्मा ने किया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।धरना-प्रदर्शन में बिजयनगर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन, कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने रसोई गैस के बढ़ते दामों और सिलेंडर की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आमजन की समस्याओं को उठाया।इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव नवनीत सिंह टुटेजा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील देश के किसानों और आमजन के लिए नुकसानदेह साबित होगी।
उन्होंने कहा कि यह डील देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता को कमजोर करने वाली है और इससे किसान तथा छोटे व्यापारियों पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा।टुटेजा ने कहा कि वर्तमान समय में सबसे बड़ा संकट रसोई गैस का खड़ा हो गया है। घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में हाल ही में करीब 60 रुपये की वृद्धि कर दी गई है, जबकि कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति पर अघोषित रोक जैसी स्थिति बन गई है। इसके कारण आम परिवारों की रसोई ठंडी पड़ रही है और शादी-विवाह के इस सीजन में ढाबों, होटलों, रेस्तरां और छोटे व्यवसायों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की विफल विदेश नीति के कारण खाड़ी देशों में उत्पन्न परिस्थितियों से ईंधन आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे देश में गैस और पेट्रोल-डीजल के संकट की आशंका बढ़ती जा रही है।
इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि यदि गैस संकट और बढ़ती महंगाई पर केंद्र सरकार ने शीघ्र नियंत्रण नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर और बड़ा आंदोलन करेगी।कार्यक्रम में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे तथा सभी ने एकजुट होकर आमजन की समस्याओं को उठाने का संकल्प लिया।