10 February 2026

आईडीबीआई बैंक बांदनवाड़ा की सराहनीय पहल: विद्यालय को फर्नीचर भेंट, विद्यार्थियों को मिली बड़ी राहत

0
IMG-20260210-WA0007

बांदनवाड़ा 10 फरवरी (केकड़ी पत्रिका/चंद्र प्रकाश टेलर) सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए आईडीबीआई बैंक शाखा बांदनवाड़ा द्वारा शिक्षा क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया गया। बैंक द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धोला दाता न्यारा को ₹62,500 मूल्य का फर्नीचर भेंट किया गया।

इस सहयोग के तहत विद्यालय को 18 जोड़ी टेबल और मेज प्रदान किए गए, जिससे लगभग 72 विद्यार्थियों को बैठकर पढ़ाई करने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।आईडीबीआई बैंक शाखा प्रबंधक महेंद्र सिंह राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि बैंक द्वारा प्रत्येक वर्ष जरूरतमंद विद्यालयों को सहायता प्रदान की जाती है। इसी क्रम में इस वर्ष धोला दाता न्यारा विद्यालय का चयन कर विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फर्नीचर उपलब्ध कराया गया।

उन्होंने कहा कि बैंक भविष्य में भी शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों में सहयोग करता रहेगा।फर्नीचर प्राप्त होने पर विद्यालय परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल लता सभरवाल, विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामवासियों ने बैंक मैनेजर महेंद्र सिंह राठौड़ का माला पहनाकर स्वागत किया तथा उनके इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।विद्यालय प्रबंधन एवं ग्रामीणों ने कहा कि इस सहयोग से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा, जिससे शिक्षा स्तर में सकारात्मक सुधार होगा। बैंक की इस पहल को क्षेत्र में शिक्षा प्रोत्साहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page