बीसलपुर बांध जलस्तर बढ़ाने के विरोध में धरना जारी, 16वें दिन पाडलिया गांव का मिला सहयोग
सावर 07 जनवरी (केकड़ी पत्रिका/ हंसराज खारोल) राष्ट्रीय विस्थापित समन्वय संघर्ष समिति के तत्वावधान में देवली तहसील परिसर में बीसलपुर बांध का जलस्तर एक मीटर बढ़ाने के विरोध में चल रहा धरना आज 16वें दिन भी जारी रहा। आज के धरने में डूब क्षेत्र के पाडलिया गांव के ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग देकर आंदोलन को समर्थन प्रदान किया।धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बीसलपुर बांध का जलस्तर बढ़ाए जाने से डूब क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों के विस्थापन का खतरा उत्पन्न हो गया है।
बिना समुचित पुनर्वास एवं मुआवजे के किसी भी स्थिति में जलस्तर बढ़ाने का निर्णय अन्यायपूर्ण है। आंदोलनकारियों ने सरकार से विस्थापितों के अधिकारों की रक्षा करने और उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।इस अवसर पर राष्ट्रीय विस्थापित समन्वय संघर्ष समिति द्वारा ईसरदा बांध में चल रहे धरने को भी समर्थन दिया गया। धरने में समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण सरसड़ी, पाडलिया गांव के सतीश वर्मा, सरपंच बंटी बलाई, राजकुमार मीणा, किशनजी, सेवाराम, महेंद्र, देवानंद, मनोज, चेतन, रामप्रसादजी, हरलालजी, लक्ष्मीनारायण, सुनीता मीणा, प्रह्लादजी, पंकज जोशी, पार्षद विनोद पुजारी, रतनलाल फौजी, दुर्गालाल खींची सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व आंदोलनकारी मौजूद रहे।आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।