केकड़ी–टोडारायसिंह क्षेत्र में रोडवेज सेवा: वर्षों की उपेक्षा के बाद उम्मीद की किरण
Oplus_16908288
सम्पादकीय लेख
केकड़ी /बघेरा 02 जनवरी (केकड़ी पत्रिका) केकड़ी क्षेत्र का बघेरा टोडारायसिंह एवं आसपास का ग्रामीण अंचल वर्षों से राजस्थान रोडवेज बस सेवा से वंचित और उपेक्षित रहा है। आम जनता, मजदूर, किसान और विद्यार्थी आज भी निजी साधनों या महंगे विकल्पों पर निर्भर रहने को मजबूर हैं। यह स्थिति न केवल असुविधाजनक है, बल्कि शिक्षा, रोजगार और व्यापार के अवसरों में भी बाधक बनी हुई है।
इसी बीच एक सकारात्मक और आशाजनक पहल के रूप में राजस्थान सरकार एवं क्षेत्रीय विधायक श्री शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से केकड़ी में रोडवेज बस डिपो की घोषणा की गई है। यह घोषणा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है और निश्चित रूप से आने वाले समय में इसके धरातल पर उतरने की प्रबल संभावना है। इस निर्णय से क्षेत्र की जनता की उम्मीदों को नए पंख लगे हैं।
रोडवेज डिपो के साकार होने से केकड़ी से बघेरा, देवलिया, टोडारायसिंह तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी परिवहन सेवा का सीधा लाभ मिलेगा। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी तथा क्षेत्र का संपर्क अजमेर, जयपुर सहित अन्य प्रमुख शहरों से मजबूत होगा।
हालांकि, डिपो के पूर्ण संचालन से पूर्व तत्काल आवश्यकता इस बात की है कि टोडारायसिंह, बघेरा एवं आसपास के क्षेत्रों के आमजन—विशेषकर विद्यार्थियों, मजदूरों और किसानों—को शहरों से जोड़ने के लिए नियमित रोडवेज बस सेवा प्रारंभ की जाए। शिक्षा, रोजगार और व्यापार की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए परिवहन सुविधा आज की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है।
इस संदर्भ में यदि टोडारायसिंह से अजमेर के लिए एक “टोडा नाइट” रोडवेज बस सेवा प्रारंभ की जाती है, तो यह हजारों लोगों के लिए राहत का कारण बनेगी। यह बस समय की मांग के अनुसार यह बस प्रातः 6:00 या 6:30 बजे के बीच टोडारायसिंह से अजमेर के लिए रवाना हो तथा अजमेर से केकड़ी–बघेरा होते हुए टोडारायसिंह (नाइट)लौटे। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई, मजदूरों को काम और व्यापारियों को बाजार तक सहज पहुंच मिल सकेगी।
अब आवश्यकता है कि जनभावनाओं को समझते हुए राजस्थान रोडवेज प्रशासन और राज्य सरकार इस मांग पर शीघ्र निर्णय ले। यदि यह बस सेवा शुरू होती है, तो यह केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि ग्रामीण अंचल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने वाला मजबूत सेतु सिद्ध होगी।