हर घर तिरंगा अभियान तिरंगा मैराथन में प्रतिभागियों ने जम कर लगाई दौड़

केकड़ी ,12 अगस्त(केकड़ी पत्रिका न्यूज पोर्टल) भारत सरकार सांस्कृतिक मंत्रालय द्वारा निर्देशित और माननीय मुख्य सचिव महोदय राजस्थान के द्वारा वीसी में दिए गए निर्देश की अनुपालन में हर घर तिरंगा – 2024 कार्यक्रमों की कड़ी में आज तीसरे दिन तिरंगा मैराथन को सर्किट हाउस डाक बंग्लो से उपखंड अधिकारी श्री सुभाष चंद्र हेमानी एवं नगर परिषद आयुक्त बंटी राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । मैराथन दौड़ सर्किट हाऊस से प्रारंभ होकर अजमेर रोड़ पर तहसील कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
उपखंड अधिकारी श्री सुभाष चंद्र हेमानी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश प्रेम की भावनाओं से जुड़ा है। यह गौरवान्वित करने वाला क्षण है। हम अपने तिरंगा का सम्मान करते हैं। यह हमारे देश की पहचान होने के साथ ही हम सभी भारतवासियों में देश प्रेम की भावना को विकसित करता है। हम सभी भारतीय हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ें और देश के स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सपूतों को सम्मान दें। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी भारतीय नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज अपने घर पर फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे आमजन में देश भक्ति की भावना विकसित होगी तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान में भी वृद्धि होगी।
नगर परिषद आयुक्त बंटी राजपूत ने कहा कि मैराथन दौड़ के माध्यम से लोगों में देशभक्ति की भावना पैदा कर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाना है। उन्होंने अपील की कि 13 से 15 अगस्त तक आप सभी अपने घरों पर तिरंगा जरूर फहराएं और अन्यो को भी प्रेरित करे। मैराथन दौड़ में सिटी थानाधिकारी धोलाराम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व शहरवासी मौजूद रहे।
केकड़ी जिला प्रशासन से संबंधित समाचारों से जुड़ने के लिए हमें ट्विटर पेज https://twitter.com/DMKekri लिंक को फॉलो करें।