केकड़ी में नवनिर्मित रामद्वारा का पंचदिवसीय भव्य उद्घाटन समारोह 2 जुलाई को
- अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के पीठाधीश्वर संत श्री रामदयालजी महाराज के कर-कमलों से होगा उद्घाटन,
- कलश यात्रा, शोभायात्रा एवं महाप्रसादी सहित होंगे विविध धार्मिक आयोजन
केकड़ी 24 जून (केकड़ी पत्रिका/वरिष्ठ पत्रकार दिनेश वैष्णव) भक्ति एवं श्रद्धा की पावन नगरी केकड़ी में स्थित सूरजपोल गेट क्षेत्र के नवनिर्मित रामद्वारा के उद्घाटन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। रामद्वारा सेवा सत्संग समिति, केकड़ी के तत्वावधान में आगामी 2 जुलाई 2026 से पंचदिवसीय भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा, जिसमें देशभर से संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं सहित स्थानीय भक्तों की उपस्थिति रहेगी।
रामद्वारा सेवा सत्संग समिति के प्रमुख पदाधिकारी रामगोपाल सैनी ने बताया कि समारोह का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय श्री रामस्नेही संप्रदाय, शाहपुरा के पीठाधीश्वर, वाणी मर्मज्ञ, आचार्य श्री 1008 जगद्गुरु स्वामी श्री रामदयालजी महाराज के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।
सैनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 2 जुलाई, गुरुवार को प्रातः 9:15 बजे भव्य कलश एवं शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जो बिजासन माताजी मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए नवनिर्मित रामद्वारा पहुंचेगी। इसके पश्चात दोपहर 12:15 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जिसमें संत-महात्माओं के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।
उद्घाटन समारोह के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन भी रखा गया है। आयोजन के दौरान भजन, सत्संग, प्रवचन एवं धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
रामद्वारा सेवा सत्संग समिति के पदाधिकारी आनंदी राम सोमानी ने बताया कि नवनिर्मित रामद्वारा के उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, संत-भक्तों एवं श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागिता निभाने और धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है। उद्घाटन समारोह के माध्यम से केकड़ी की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।