दुर्लभ ओ-नेगेटिव रक्तदान कर रक्तवीर अनुराग शर्मा ने बचाई कैंसर पीड़ित महिला की जान
केकड़ी 14 मार्च (केकड़ी पत्रिका) मानवता और सेवा भावना की प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए केकड़ी बजरंग दल के नगर संयोजक अनुराग शर्मा ने आपात स्थिति में दुर्लभ ओ-नेगेटिव रक्तदान कर एक महिला मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समय पर किए गए इस रक्तदान से कैंसर से पीड़ित महिला को उपचार के लिए आवश्यक रक्त उपलब्ध हो सका।
भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी के मीडिया प्रभारी एवं रक्तदान सेवा क्षेत्र में सक्रिय कार्यकर्ता दिनेश वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय जिला अस्पताल केकड़ी के रक्तकोष विभाग से सूचना प्राप्त हुई कि मालपुरा निवासी एक महिला मरीज अस्पताल में भर्ती है और उसके उपचार के लिए तत्काल ओ-नेगेटिव रक्त की आवश्यकता है। रक्तकोष विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मुनेश गौड़ ने बताया कि नेगेटिव रक्त समूह अत्यंत दुर्लभ होते हैं, जिसके कारण ऐसे रक्तदाताओं को तुरंत ढूंढ पाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
विभाग द्वारा भी अपने स्तर पर ओ-नेगेटिव रक्तदाताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा था।इसी दौरान दिनेश वैष्णव ने अपने मोबाइल की संपर्क सूची में उपलब्ध ओ-नेगेटिव रक्तदाताओं की तलाश की, जिसमें केकड़ी बजरंग दल के नगर संयोजक अनुराग शर्मा का नाम सामने आया। उनसे तुरंत संपर्क किया गया। स्थिति की गंभीरता का पता चलते ही अनुराग शर्मा ने बिना किसी देर के रक्तदान के लिए सहमति दी और तुरंत ही अपने मित्र रामवतार चौधरी जिला गौरक्षा प्रमुख बजरंग दल के साथ राजकीय जिला अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंचकर अपना अमूल्य ओ-नेगेटिव रक्तदान किया। उनके इस त्वरित और निस्वार्थ सहयोग से मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका और उपचार जारी रखा जा सका।
उल्लेखनीय है कि समाजसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने वाले अनुराग शर्मा अब तक अपने जीवन में आठ बार रक्तदान कर चुके हैं। उनका यह कार्य न केवल सेवा भावना का प्रतीक है, बल्कि युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है।मरीज के परिजनों ने भावुक होकर अनुराग शर्मा का आभार व्यक्त किया और उन्हें “रक्तवीर” बताते हुए धन्यवाद दिया। वहीं राजकीय जिला अस्पताल के रक्तकोष विभाग के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने भी आपात स्थिति में तत्परता दिखाने और समय पर पहुंचकर रक्तदान करने के लिए उनकी सराहना की।
रक्तकोष विभाग के वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन महावीर झाकल ने कहा कि केकड़ी क्षेत्र में जब भी रक्त की आवश्यकता पड़ती है, तब सामाजिक संगठन और अनुराग शर्मा जैसे सेवाभावी लोग आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करते हैं। ऐसे लोगों की निस्वार्थ सेवा समाज के लिए प्रेरणा है और जरूरतमंदों को नया जीवन प्रदान करती है।