बिजयनगर कृषि उपज मंडी में गूंजा व्यापारियों का स्वर, विधायक ने दिया त्वरित समाधान का भरोसा
बिजयनगर 22 फरवरी (केकड़ी पत्रिका/तरनदीप सिह) रविवार को वीरेन्द्र सिंह कानावत ने बिजयनगर कृषि उपज मंडी का दौरा किया, जहां व्यापारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए मंडी परिसर की जमीनी समस्याओं से अवगत कराया। लंबे समय से लंबित मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर व्यापारियों ने खुलकर अपनी बात रखी।व्यापारियों ने मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि जर्जर टिन शेड, अपर्याप्त साफ-सफाई, रोशनी की कमी, धर्म कांटा (तोल कांटा) की तकनीकी समस्याएं तथा मंडी यार्ड में टूटी-फूटी फर्श जैसी समस्याएं वर्षों से बनी हुई हैं।
इन कमियों के कारण न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि किसानों और श्रमिकों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक विकट हो जाती है, जिससे माल की सुरक्षा और आवागमन दोनों प्रभावित होते हैं।विधायक कानावत ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंडी क्षेत्र किसानों और व्यापारियों की आर्थिक धुरी है, और यहां बुनियादी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्य शीघ्र प्रारंभ करवाए जाएंगे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अमित मोदी, पवन बोरदिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे। विधायक ने मंडी परिसर का निरीक्षण कर समस्याग्रस्त स्थानों का अवलोकन भी किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही।कार्यक्रम के अंत में व्यापारियों ने विधायक के आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए आशा जताई कि जल्द ही मंडी में सुधार कार्य प्रारंभ होंगे और व्यवस्थाएं सुदृढ़ बनेंगी, जिससे किसानों, व्यापारियों और श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।