बघेरा–हिसामपुर–नासीरदा मार्ग पर नई पाइपलाइन बनी परेशानी का कारण, जगह-जगह लीकेज से कीचड़ और जाम
बघेरा 07 फरवरी( केकड़ी पत्रिका) बघेरा–हिसामपुर–नासीरदा मार्ग पर डाली गई नई पानी की पाइपलाइन लोगों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है। पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज होने से पूरे मार्ग पर कीचड़ फैल गया है, जिससे रोजाना गुजरने वाले वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं।
वर्तमान में बघेरा फिल्टर प्लांट से बीजवाड़ तक पानी की पाइपलाइन डाली गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है पाइप की फिटिंग सही तरीके से नहीं हो पाई। नतीजतन कई स्थानों पर पाइप लाइन से पानी रिसने लगा है।
इस मार्ग पर माइंस क्षेत्र होने के कारण दिनभर भारी वाहनों का आवागमन रहता है। पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढों और पानी की लीकेज से बने कीचड़ के कारण वाहन बार-बार फंस रहे हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है।
पानी की लगातार लीकेज के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आमजन, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग बघेरा से सीधे देवली को जोड़ता है, जिसके कारण यहां वाहनों का दबाव भी अधिक रहता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि पाइपलाइन की गुणवत्ता की जांच कर लीकेज को तुरंत ठीक कराया जाए तथा सड़क की मरम्मत कर मार्ग को सुचारु बनाया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।