हिसामपुर की कृष्णा कुमावत का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, विद्यालय में हर्ष
बघेरा 25 दिसम्बर ( केकड़ी पत्रिका/ललित नामा) निकटवर्ती ग्राम हिसामपुर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हिसामपुर के लिए यह गर्व का विषय है कि विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा कृष्णा कुमावत का चयन 69 वीं राष्ट्रीय स्तर की अंडर-14 खेल प्रतियोगिता के लिए राजस्थान टीम में हुआ है।
कृष्णा ने यह सफलता अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर प्राप्त की है।जानकारी के अनुसार 23 व 24 दिसंबर को सिवाना (जिला बालोतरा) में आयोजित चयन परीक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कृष्णा कुमावत का चयन हुआ। अब वह 2 से 6 जनवरी तक ग्वालियर (मध्यप्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उल्लेखनीय है कि राउमावि हिसामपुर पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं के लिए अपनी पहचान बना चुका है। विद्यालय के छात्र-छात्राएं अभिजीत सिंह, शीलू कुमावत, खुशबू कीर एवं सोनू बलाई पूर्व वर्षों में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। वहीं भरत सेन, अजीत कीर एवं अर्पित शर्मा का चयन राष्ट्रीय चयन परीक्षण के लिए हो चुका है, जो विद्यालय की मजबूत खेल परंपरा को दर्शाता है।

इस सफलता का श्रेय विद्यालय के शारीरिक शिक्षक श्री विरेंद्र सिंह नरूका को दिया गया, जिनके मार्गदर्शन और परिश्रम से विद्यार्थी निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उनके प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना विकसित हुई है।कृष्णा कुमावत की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं ग्राम के प्रबुद्ध नागरिकों सीआर प्रतिनिधि श्री दशरथ कुमार शर्मा, निर्मल शर्मा, दिग्विजय सिंह, श्योकिशन कुमावत, गोपाल मेघवंशी एवं लोकेन्द्र सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।उक्त जानकारी प्रधानाचार्य कृष्ण गोपाल माली एवं व्याख्याता सुरेश कुमार मीणा ने दी।