12 April 2026

गोरधा में सात माह से बंद पड़ा हैंडपंप, भीषण गर्मी में ग्रामीण व पशुपालक परेशान,शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सुनवाई, जिम्मेदार अधिकारी अनजान

0
IMG-20260412-WA0005

कुशायता 12 अप्रैल (केकड़ी पत्रिका/हंसराज खारोल) ग्राम पंचायत कुशायता व गोरधा क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़े हैंडपंपों के कारण भीषण गर्मी में पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है। कई स्थानों पर हैंडपंप 7 माह से लेकर 2 वर्ष तक से बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों और पशुपालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कुशायता क्षेत्र के राजोला तालाब की पाल स्थित वीर तेजाजी महाराज मंदिर के पास, मोटालाव शमशान घाट, बिसुदनी गांव में गंगा सिंह शक्तावत के मकान के सामने, माली मोहल्ला चारभुजा मंदिर के पास, रामेश्वर माली के घर के सामने, पटवार घर के सामने तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिसुदनी परिसर में हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं।इसी प्रकार सुरजपुरा गांव में हरलाल गुर्जर के मकान के पास, राजकीय प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र के सामने लगे हैंडपंप भी वर्षों से बंद हैं। वहीं गोरधा क्षेत्र के कीडवा का झोपड़ा शमशान घाट, बलाई मोहल्ला, बाबा रामदेव मंदिर परिसर, राधाकिशन मीणा की दुकान के सामने, राजीव गांधी सेवा केंद्र तथा राजकीय पशु चिकित्सालय के सामने लगे हैंडपंप भी महीनों से खराब पड़े हैं।

रविवार को केकड़ी पत्रिका रिपोर्टर कुशायता के संवाददाता हंसराज खारोल ने विभिन्न गांवों का दौरा कर खराब पड़े हैंडपंपों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सामने आया कि पानी की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि बीसलपुर पानी की सप्लाई नियमित बताई जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ग्राम पंचायत व ठेकेदार को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। स्थिति यह है कि राजकीय पशु चिकित्सालय गोरधा में आने वाले पशुपालकों को भी पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोग मजबूरी में फ्लोराइड युक्त पानी पीने को विवश हैं।जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण आमजन व पशुधन दोनों प्रभावित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए शीघ्र सभी खराब हैंडपंपों की मरम्मत करवाई जाए, ताकि आमजन व पशुपालकों को राहत मिल सके।वहीं ठेकेदार ने बताया कि खराब हैंडपंपों की जानकारी मिल चुकी है और जल्द ही सभी हैंडपंपों को ठीक कर दिया जाएगा। ग्राम पंचायत कुशायता की प्रशासक रसाल देवी खारोल एवं गोरधा की प्रशासक पपिता देवी मीणा ने भी आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही सभी हैंडपंपों की मरम्मत करवा दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page