विश्व होम्योपैथी दिवस एवं विश्व स्वास्थ्य दिवस 2026 के अवसर पर यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ होम्योपैथी, केकड़ी द्वारा निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन
केकड़ी 08 अप्रैल( केकड़ी पत्रिका) विश्व होम्योपैथी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत, विश्व स्वास्थ्य दिवस (7 अप्रैल 2026) के अवसर पर यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ होम्योपैथी, केकड़ी के प्रैक्टिस ऑफ़ मेडिसिन विभाग द्वारा सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं सामुदायिक सेवा के तहत एक निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।इस चिकित्सा शिविर में कुल 47 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के दौरान बीएमआई परीक्षण सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जाँच की गईं। साथ ही, रोगानुसार होम्योपैथिक परामर्श, औषधि वितरण एवं स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार तथा रोगों की रोकथाम संबंधी जागरूकता भी प्रदान की गई।शिविर में चिकित्सकीय टीम में शिविर चिकित्सा प्रभारी एवं प्रैक्टिस ऑफ़ मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अंशुल चाहर तथा सहायक आचार्य डॉ. साक्षी शर्मा उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय के चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों ने शिविर के सफल संचालन में सराहनीय योगदान दिया।
अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं आवश्यक बताया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन पर बल दिया तथा आमजन से अपील की कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।