मां श्री श्रीयादे मंदिर समिति बीसलपुर की नई कार्यकारिणी का गठन, कैलाश प्रजापति सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए
कुशायता 06 अप्रैल (केकड़ी पत्रिका) मां श्री श्रीयादे मंदिर समिति बीसलपुर की आगामी तीन वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। समिति के पूर्व अध्यक्ष बद्रीलाल प्रजापति (भासु) ने जानकारी देते हुए बताया कि घटियाली निवासी कैलाश चंद प्रजापति को चार जिलों की 18 तहसीलों के प्रतिनिधियों द्वारा सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।नवगठित कार्यकारिणी में टोडारायसिंह निवासी भेरूलाल प्रजापति को सचिव तथा बोटूदा निवासी शिवजीराम प्रजापति को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही पूर्व अध्यक्ष बद्रीलाल प्रजापति को मुख्य संरक्षक नियुक्त कर समिति को मार्गदर्शन देने का दायित्व दिया गया।
समिति के पदाधिकारियों ने नई कार्यकारिणी के गठन के साथ मंदिर समिति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सत्यनारायण प्रजापति (भराई), सचिव अखिल भारतीय श्रीयादे माता प्रजापति सेवा समिति पुष्कर तथा घीसालाल प्रजापति (सागरिया), अध्यक्ष मंदिर समिति धानेश्वर धाम फुलियाकला को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया।इस दौरान समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों में भिनाय, गुलाबपुरा, विजयनगर, हिंडोली, केकड़ी, कादेड़ा, फुलियाकला, सावर, टांकावास, देवली, टोंक, निवाई, मालपुरा सहित कई स्थानों के समाजबंधुओं ने भाग लेकर सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का गठन किया।कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाज में एकता बनाए रखने एवं समिति को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
- हंसराज खारोल की रिपोर्ट