15 March 2026

स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों को जिला प्रशासन का सहयोग, राजस्थान दिवस पर ओडीओपी प्रदर्शनी आयोजित

0
IMG-20260315-WA0011

ब्यावर 15 मार्च (केकड़ी पत्रिका/तरनदीप सिंह टुटेजा ) राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र परिसर में शनिवार को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में चयनित उत्पाद फेल्डस्पार पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिससे आगंतुकों को जिले के प्रमुख उत्पाद और उससे जुड़े उद्योग की जानकारी मिली।

जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि ब्यावर के कलाकारों द्वारा बनाई जा रही पिछवाई चित्रकला अत्यंत उत्कृष्ट है और इसके ऑर्डर अन्य जिलों से भी प्राप्त हो रहे हैं। यहां तैयार उत्पाद विभिन्न स्थानों पर भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों को आधुनिक प्लेटफॉर्म जैसे ई-कॉमर्स के माध्यम से भी बाजार तक पहुंचाना चाहिए, ताकि उन्हें व्यापक बाजार और बेहतर पहचान मिल सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्पियों, बुनकरों और उद्यमियों को आगे बढ़ाने में जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा।प्रदर्शनी में कलेक्टर ने हस्तशिल्प, चित्रकला और बुनकर उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन किया तथा लघु उद्योग से जुड़ी महिलाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान स्थानीय कलाकारों का माला पहनाकर स्वागत भी किया गया। प्रदर्शनी में कई सम्मानित कलाकारों और उद्यमियों ने भाग लिया, जिनमें कल्याणमल साहू, ओंकार लाल, हरि सिंह, हीरा सिंह , सत्यनारायण बालोदिया रामलाल , बाबूलाल, चमड़े के कारीगर, महेश जीनगर, जैतारण चमड़े की जूती, उद्यमी मुकेश कुमार गर्ग और समाजसेवी बलवंत सिंह भाटी सहित अन्य शामिल रहे।सहायक आयुक्त सुश्री आर्ची जैन ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य ओडीओपी उत्पादों को प्रोत्साहन देना और स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को मंच प्रदान करना है। प्रदर्शनी में पेंटिंग, हस्तशिल्प, बुनकर उत्पादों सहित स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के 15 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जहां आगंतुकों को स्थानीय उत्पादों की विविधता देखने और खरीदने का अवसर मिला।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान आगंतुकों को उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ सकें।जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र ने प्रदर्शनी में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने वाले सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page