राजस्थान दिवस पर “विकसित रन” का आयोजन, 2600 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया भाग
ब्यावर 15 मार्च(केकड़ी पत्रिका /तरनदीप सिंह टुटेजा) राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा रविवार को प्रातः 7 बजे मिशन ग्राउंड से “विकसित रन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 2600 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ, जागरूक और विकसित समाज का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने उपस्थित प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा स्वच्छता का संदेश देते हुए ब्यावर को स्वच्छ जिला बनाने के लिए सभी से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
विकसित रन मिशन ग्राउंड से प्रारंभ होकर चांग गेट, राजकीय महाविद्यालय, अंबेडकर भवन, आशापुरा माता मंदिर, श्याम मंदिर मेवाड़ी गेट और अजमेरी गेट होते हुए पुनः मिशन ग्राउंड पर समाप्त हुई।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र, एसीईओ गोपाल लाल, नगर परिषद आयुक्त श्रवण राम, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार शर्मा, जिला खेल अधिकारी दिनेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 मार्च से 19 मार्च तक राज्य सहित जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में विकसित रन का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस लाइन के जवानों ने रन में भाग लिया। राजकीय महाविद्यालय ब्यावर के कर्मचारी एवं विद्यार्थी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय के कर्मचारी, विद्यार्थी, एनसीसी/एनएसएस के कैडेट तथा विभिन्न खेल अकादमियों के प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में चिकित्सकीय स्टाफ तथा नर्सिंग विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिनमें महावीर इंटरनेशनल, भारत विकास परिषद, सीए एसोसिएशन, हार्टफुलनेस, लक्ष्य एकेडमी तथा मेवाड़ फोर्स एकेडमी के सदस्य शामिल रहे।
जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ने जिले के नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे राजस्थान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इन आयोजनों को सफल बनाएं। उन्होंने विकसित रन में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों एवं संस्थाओं का आभार भी व्यक्त किया।