नेशनल मिशन ऑन एडीबल ऑयल तिलहन योजना के तहत दो दिवसीय संस्थागत पुरुष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत
सावर 13 मार्च( केकड़ी पत्रिका/हंसराज खारोल) नेशनल मिशन ऑन एडीबल ऑयल तिलहन योजना के अंतर्गत ग्राम काचरिया में दो दिवसीय संस्थागत पुरुष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार को सहायक कृषि अधिकारी कादेड़ा के तत्वावधान में की गई।प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिवस सेवानिवृत्त सहायक निदेशक परमेश्वर लाल शर्मा तथा सहायक कृषि अधिकारी रतन लाल पारीक ने उपस्थित कृषकों को तिलहनी फसलों में होने वाले रोगों की रोकथाम तथा उत्पादन बढ़ाने के उन्नत तरीकों की जानकारी दी।
उन्होंने किसानों को सरसों, तिल एवं मूंगफली जैसी तिलहनी फसलों की वैज्ञानिक खेती, पौधे से पौधे तथा लाइन से लाइन की उचित दूरी पर बुवाई करने के बारे में विस्तार से बताया।प्रशिक्षण के दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए गोबर की खाद, वर्मीकम्पोस्ट, जीवामृत और बीजामृत जैसे प्राकृतिक उत्पादों के उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने की जानकारी भी दी गई। सेवानिवृत्त सहायक निदेशक परमेश्वर लाल शर्मा ने तिलहनी फसलों में सिंगल सुपर फास्फेट, सल्फर और जिप्सम के उपयोग से दानों में तेल की मात्रा बढ़ाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इससे पूर्व स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक दिनेश गिरी गोस्वामी ने उपस्थित कृषकों का पंजीकरण किया। वहीं सहायक कृषि अधिकारी अभय सिंह शक्तावत ने कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का स्वागत एवं अभिवादन करते हुए प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा व्याख्याताओं का परिचय कराया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में कादेड़ा सर्किल के कादेड़ा, प्रान्हेडा, भीमड़ावास, खवास और भराई क्षेत्र से आए कृषकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी कृषकों को भोजन करवाया गया तथा उपस्थित किसानों को धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।