28 February 2026

फाल्गुनी एकादशी पर सावर में खाटू श्यामजी का विशेष श्रृंगार, फाग महोत्सव में झूमे श्रद्धालु

0
IMG-20260227-WA0017

सावर 27 फरवरी ( केकड़ी पत्रिका/ हंसराज खारोल) कस्बे के स्थानीय बस स्टैंड स्थित खाटू श्याम जी मंदिर में शुक्रवार को फाल्गुनी एकादशी के पावन अवसर पर भगवान का रंग-बिरंगे फूलों से भव्य एवं आकर्षक विशेष श्रृंगार किया गया। एकादशी पर्व पर प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान के दर्शन कर घर-परिवार एवं क्षेत्र की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।मंदिर पूजारी लक्ष्मी कांत शर्मा ने बताया कि फाल्गुनी एकादशी पर विशेष महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इससे पूर्व गुरुवार रात्रि मंदिर प्रांगण में भव्य फाग महोत्सव का आयोजन हुआ।

शाम की आरती के पश्चात कार्यक्रम की शुरुआत हुई और वातावरण भक्तिमय हो उठा।फाग महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में सावर नगर पालिका अध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मार्बल उद्यमी एवं भामाशाह नरपतसिंह सिंह (विजय मार्बल सावर) तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान भूपेंद्र सिंह शक्तावत ने की। खाटूश्यामजी समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों एवं कलाकारों का माल्यार्पण एवं साफा बंधन कर भव्य स्वागत किया।कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक गंदेरिया (सावर), गौतम शर्मा (दूनी), आशु भारती (नैनवां) एवं हर्षिता मालू (रोपा, भीलवाड़ा) ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। फूलों की होली के साथ श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। देर रात महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।फाल्गुनी एकादशी पर आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन ने पूरे सावर कस्बे को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page