राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मीणो का नयागांव में साइकिल वितरण समारोह, 9वीं की 11 छात्राओं को मिला नया संबल, पढ़ाई के प्रति बढ़ा उत्साह
कुशायता,25 फरवरी (केकड़ी पत्रिका/हंसराज खारोल) क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मीणो का नयागांव में मंगलवार को राज्य सरकार की योजना के तहत कक्षा 9वीं की 11 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गई। कार्यक्रम में छात्राओं के चेहरे पर उत्साह और आत्मविश्वास झलकता नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रशासक रामप्रसाद मीणा उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राजू लाल ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय प्राचार्य आंनदी लाल मीणा ने की।
मुख्य अतिथि रामप्रसाद मीणा ने अपने संबोधन में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए साइकिल वितरण योजना महत्वपूर्ण कदम है। इससे दूर-दराज़ से आने वाली छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में सुविधा होगी तथा पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह और बढ़ेगा।
प्रधानाचार्य आंनदी लाल मीणा ने कहा कि शिक्षा ही जीवन की दिशा और दशा बदलने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन कर अपने लक्ष्य निर्धारित करने और विद्यालय व परिवार का नाम रोशन करने का संदेश दिया।कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ एवं गणमान्य नागरिकों में दुर्गा लाल, बुद्धिप्रकाश बैरवा, गायत्री ख्यालु राम मीणा, प्रदीप आलोरिया सहित कई लोग उपस्थित रहे।