23 February 2026

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुशायता में 23 छात्राओं को मिली साइकिलें,

0
IMG-20260223-WA0005

कुशायता 23 फरवरी (केकड़ी पत्रिका/ हंसराज खारोल) ग्राम पंचायत कुशायता मुख्यालय स्थित राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय कुशायता में सोमवार को कक्षा 9वीं की 23 छात्राओं को राजस्थान सरकार की निशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलकता नजर आया।
इन छात्राओं में मोटलाव, कुशायता और कुशायता का झोपड़ा गांव से प्रतिदिन पैदल स्कूल आने वाली बालिकाएं भी शामिल हैं। अब उन्हें लंबी दूरी पैदल तय नहीं करनी पड़ेगी, जिससे उनकी पढ़ाई में नियमितता आएगी और समय की भी बचत होगी।
कार्यक्रम में छात्राओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर तथा केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रति आभार व्यक्त किया।
साइकिल वितरण समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत कुशायता की प्रशासक रसाल देवी खारोल रहीं तथा अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य जयसिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में केकड़ी पंचायत समिति के पूर्व सदस्य कल्याण खारोल एवं मनमोहन खारोल उपस्थित रहे। कार्यक्रम विद्यालय परिसर में सरस्वती मंदिर के सामने प्रार्थना स्थल पर आयोजित किया गया।
प्रधानाचार्य जयसिंह ने अपने संबोधन में बताया कि राजस्थान सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य 9वीं कक्षा की छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा देना, ड्रॉप-आउट दर कम करना तथा शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
मुख्य अतिथि रसाल देवी खारोल ने कहा कि यह योजना दूरदराज और पिछड़े क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगी। मोटलाव में केवल उच्च प्राथमिक स्तर तक तथा कुशायता का झोपड़ा गांव में प्राथमिक स्तर तक ही विद्यालय है, जिसके कारण इन गांवों की छात्राएं उच्च कक्षाओं के लिए कुशायता आती हैं। साइकिल मिलने से उनकी उपस्थिति में सुधार होगा और वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगी।


साइकिल प्रभारी कामड राम रेगर ने अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक नंदकिशोर खटीक ने किया।


इस अवसर पर व्याख्याता विष्णु कुमार, दरोगा प्रेम सिंह मीणा, मनीष गुर्जर, यशपाल मीणा, सीताराम बेरवा, रामगोपाल मीणा, हिम्मत सिंह शक्तावत, गजराज सिंह मीणा, चेतन कुमार धोबी, अध्यापिका मेहरू निशा, प्रेम देवी मोची, कनिष्ठ सहायक संजू बलाई शारीरिक शिक्षक नंदकिशोर खटीक सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
ग्रामीण अभिभावकों ने भी योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे बालिकाओं की शिक्षा को नया संबल मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page