साइकिल वितरण कार्यक्रम संपन्न, छात्राओं के चेहरे खिले
कुशायता, 13 फरवरी (केकड़ी पत्रिका/हंसराज खारोल)राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सावर में आज साइकिल वितरण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रामलक्ष्मण शर्मा की उपस्थिति में छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।
साइकिल प्राप्त करते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम की अध्यक्षता उपप्राचार्य प्रियंका आलोरिया ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को विद्यालय तक आने-जाने में सुविधा प्रदान करना तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है। साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा, नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह और सुदृढ़ होगा।
मुख्य अतिथि श्री शर्मा ने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित हो रही हैं। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने और विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के मधुसूदन शर्मा, कीर्ति शर्मा, राजेंद्र माली, लता सैनी, गीता बाई, अलका वैष्णव, उषा नाथावत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
