10 February 2026

सेबी के जागरूकता अभियान में निवेश की बारीकियों से रूबरू हुए विद्यार्थी

0
Screenshot_2026-02-10-19-01-23-93_7352322957d4404136654ef4adb64504

बिजयनगर 10 फरवरी ( केकड़ी पत्रिका/तरनदीप सिंह) सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) के तत्वावधान में श्री प्राज्ञ महाविद्यालय बिजयनगर परिसर में प्रतिभूति बाजार को लेकर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को *एक–एक घंटे के दो सत्रों* में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और स्टाफ को निवेश से जुड़ी महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारियां प्रदान की गईं।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता *सीएस मुकेश बंसल*, संस्थापक एवं अध्यक्ष, आईसीएसआई जोधपुर चैप्टर रहे। उन्होंने प्रतिभूति बाजार की भूमिका और आम निवेशकों के लिए उसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वित्तीय साक्षरता के अभाव में लोग गलत निवेश निर्णय ले लेते हैं, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निवेशकों को सही दिशा प्रदान करते हैं।

प्रथम सत्र में प्रतिभूति बाजार का परिचय, निवेश की मूल अवधारणाएं, निवेशक बनने की प्रक्रिया तथा डीमैट एवं ट्रेडिंग अकाउंट खोलने की प्रक्रिया* के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सीएस बंसल ने बताया कि शेयर बाजार में निवेश से पहले उसके नियमों, जोखिमों और संभावनाओं को समझना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित निवेश अपनाने और अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी। द्वितीय सत्र में म्यूचुअल फंड, एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) प्रतिभूतियों में निवेश की प्रक्रिया, निवेशक शिकायत निवारण प्रणाली तथा अनक्लेम्ड शेयरों एवं लाभांश से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि सेबी द्वारा निवेशकों की सुरक्षा के लिए सुदृढ़ शिकायत निवारण व्यवस्था उपलब्ध है, जिसके माध्यम से निवेशक अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

सीएस बंसल ने कहा कि म्यूचुअल फंड छोटे निवेशकों के लिए बेहतर विकल्प है, वहीं ईटीएफ पारदर्शिता और कम लागत के कारण तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को दीर्घकालीन निवेश की सोच अपनाने और जल्द लाभ के लालच से बचने की सलाह दी l महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. दुर्गा कंवर मेवाड़ा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में वित्तीय ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सेबी एवं आईसीएसआई जोधपुर चैप्टर का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य एवं 44 विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने निवेश से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। अंत में प्रतिभागियों को निवेश के प्रति जागरूक, सतर्क और जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page