राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10 वीं व 12 वीं परीक्षाएं 12 व 13 फरवरी से होगी शुरू
कुशायता,10 फरवरी (केकड़ी पत्रिका/ हंसराज खारोल) राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाएं क्रमशः 12 फरवरी (गुरुवार) एवं 13 फरवरी (शुक्रवार) से प्रारंभ होंगी। ग्राम पंचायत पिपलाज मुख्यालय स्थित राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय पिपलाज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
परीक्षा प्रभारी राजेंद्र सेन एवं प्रधानाचार्य राजेंद्र पाराशर ने बताया कि कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा का प्रथम प्रश्नपत्र 12 फरवरी को अंग्रेजी विषय का होगा। इस दिन कुल 131 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इनमें राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय गोरधा के 38, आमली के 33 तथा पिपलाज के 60 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। दसवीं बोर्ड परीक्षा का समय प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक निर्धारित है।दसवीं बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम इस प्रकार है—12 फरवरी अंग्रेजी,17 फरवरी सामाजिक विज्ञान,19 फरवरी हिंदी,21 फरवरी विज्ञान,24 फरवरी गणित,27 फरवरी संस्कृत।इसी प्रकार कक्षा 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 13 फरवरी से प्रारंभ होंगी।
पहले दिन अंग्रेजी अनिवार्य विषय का प्रश्नपत्र आयोजित किया जाएगा। परीक्षा प्रभारी ने बताया कि 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 114 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। इनमें पिपलाज के 53, गोरधा के 33 तथा आमली के 28 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।बारहवीं बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा—13 फरवरी अंग्रेजी अनिवार्य,16 फरवरी भूगोल,20 फरवरी हिंदी अनिवार्य,23 फरवरी राजनीति विज्ञान,4 मार्च इतिहास,10 मार्च हिंदी साहित्य।परीक्षा केंद्र पर शांतिपूर्ण एवं नकल रहित परीक्षा संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बोर्ड द्वारा नियुक्त केंद्र अधीक्षक, उड़नदस्ता दल एवं निरीक्षकों को परीक्षार्थियों की तलाशी लेने तथा आपत्तिजनक सामग्री जब्त करने का अधिकार रहेगा। किसी भी प्रकार का विरोध या अव्यवस्था दुराचार की श्रेणी में माना जाएगा।परीक्षार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उत्तर पुस्तिका में निर्धारित स्थान के अतिरिक्त कहीं भी नाम न लिखें।
परीक्षा कक्ष में कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, पेजर, डिजिटल डायरी अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रश्नपत्र प्राप्त होने पर निर्धारित स्थान पर रोल नंबर लिखना अनिवार्य होगा। उत्तर पुस्तिका के अंतिम प्रश्न के बाद ‘समाप्त’ शब्द लिखकर शेष पृष्ठों पर तिरछी रेखा खींचना आवश्यक है।दृष्टिहीन, श्रवण बाधित, मायोपिया, सेरेब्रल पाल्सी, पोलियो, लकवा, ऑटिज्म, मंदबुद्धि, लर्निंग डिसऑर्डर, प्रमस्तिष्कीय पक्षाघात, बहुदिव्यांगता, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया आदि श्रेणी के 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांग परीक्षार्थियों को नियमानुसार एक घंटे का अतिरिक्त समय एवं आवश्यकता अनुसार श्रुतलेखक की सुविधा प्रदान की जाएगी।
इसके लिए आवश्यक प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।परीक्षा प्रभारी राजेंद्र सेन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा तिथि एवं समय का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार के परिवर्तन की सूचना समाचार पत्रों एवं बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से दी जाएगी। विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।