9 February 2026

राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता के आयोजन समिति की समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक हुए सम्मानित

0
IMG-20260208-WA0009

केकड़ी 08 फरवरी (केकड़ी पत्रिका) केकड़ी के पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में पिछले माह सम्पन्न हुई 69वीं अंडर 14 वर्ष छात्र-छात्रा राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता की समीक्षात्मक बैठक रविवार को नगरपालिका सभागार में सम्पन्न हुई, जिसमें प्रतियोगिता के विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया गया।

बैठक के दौरान प्रतियोगिता में सहयोग देने वाले भामाशाहों और प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित आयोजन में उत्कृष्ट कार्य कर भागीदारी निभाने वाले कार्मिकों का सम्मान किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में आयोजन समिति के सचिव एवं जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारम्भिक शिक्षा अजमेर गोविन्दनारायण शर्मा मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता आयोजन समिति के सह सचिव एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी केकड़ी गोपीलाल कीर ने की। आयोजन के प्रमुख सूत्रधार एवं अन्तर्राष्ट्रीय निर्णायक सत्यनारायण चौधरी, प्रतियोगिता संयोजक एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुजरवाड़ा के प्रधानाध्यापक रामबाबू स्वर्णकार, नियंत्रण समिति के संयोजक राधेश्याम कुमावत एवं आयोजन समिति के सदस्य एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी कमलेश अहीर भी मंच पर मौजूद रहे। डीईओ गोविन्दनारायण शर्मा ने भामाशाह पदम कुमार, संदीप कुमार सिंगोदिया, शारीरिक शिक्षक बनवारीलाल लखोटिया, आयोजन समिति की सदस्या लाली जाट और विजय कुमार पारीक के विशेष योगदान को सराहा। सीबीईओ गोपीलाल कीर ने अपने उद्बोधन में राजस्थान सरकार के पंच गौरव कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हर जिले में एक खेल को प्रमोट किया जाएगा जिससे युवा खिलाड़ियों को सुविधाएं, कोचिंग एवं राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। यह कार्यक्रम युवाओं को स्वस्थ रखने में भूमिका निभाएगा।

नियंत्रण समिति के संयोजक राधेश्याम कुमावत ने श्रेष्ठ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए प्रधानाचार्य संतोष विजयवर्गीय, परिवहन व्यवस्था में लगे शारीरिक शिक्षक आबिद अली और चिकित्सा व्यवस्था में तैनात रहे प्रधानाचार्य पारसमल जैन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। आयोजन समिति के सदस्य सत्यनारायण चौधरी ने प्रतियोगिता के विभिन्न संस्मरण सुनाने के बाद आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। वे केकड़ी में खो-खो को प्रारम्भ करने वाले स्वर्गीय मुकुटबिहारी टांक को याद करते हुए भावुक हो गए। बैठक के अंत में प्रतियोगिता के संयोजक रामबाबू स्वर्णकार ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन शारीरिक शिक्षक अरविन्द अग्रवाल ने किया। इस दौरान किशनलाल जाट, द्वारकाप्रसाद बैरवा एवं परमेश्वर जाट ने भी अपने सुझाव दिए।

इस अवसर पर राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, शिक्षक नेता नवलकिशोर जांगिड़, प्रधानाचार्य गोपीकिशन वैष्णव, सुरेशचन्द गढ़वाल, श्यामसुंदर पारीक, पुरुषोत्तम सैनी, श्रीधर जाट, गुलाबचन्द मेघवंशी, संजय वैष्णव, केदार जाट, दिनेश कुमार वैष्णव, महावीर प्रसाद झारोटिया, विश्राम चौधरी, गिरिराज पारीक, रोशन आरा, अपर्णा कुमारी नागर, रामचन्द्र शर्मा, धनराज माली, रमेशचन्द वैष्णव, महावीर मेघवंशी, मदनमोहन पैरवा, प्रदीप जैन, सद्दाम हुसैन एवं हरिओम पारीक सहित कई शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page