कुशायता में सुकन्या समृद्धि योजना व आधार सेवा शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मिली जनकल्याणकारी सेवाएं
कुशायता, 05 फरवरी (केकड़ी पत्रिका/ हंसराज खारोल) ग्राम पंचायत कुशायता मुख्यालय पर 05 फरवरी 2026 को डाकघर विभाग द्वारा जनकल्याणकारी सेवाओं को लेकर एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित हुआ। हालांकि शाम 4 बजे के बाद आधार कार्ड मशीन बंद हो जाने से कुछ ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे शेष कार्य पूरे नहीं हो सके।
विभाग ने शेष बचे ग्रामीणों के लिए 14 फरवरी को शाखा डाकपाल बिसुदनी कार्यालय में पुनः शिविर आयोजित करने की घोषणा की है।शाखा डाकपाल कुशायता हरिराम शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में कस्बा कुशायता सहित आसपास के गांवों की 10 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत 10 खाते खोले गए। योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा एवं विवाह हेतु भविष्य में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।शिविर में केकड़ी से आधार कार्ड मशीन मंगवाई गई, जिसमें 10 नए आधार कार्ड बनाए गए। इसके अतिरिक्त 10 मोबाइल नंबर संशोधन, पता संशोधन, जन्मतिथि सुधार, 5 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का बायोमैट्रिक अपडेट तथा फोटो परिवर्तन जैसे कार्य भी किए गए।
डाक विभाग ने आमजन से अपील की है कि शिविर में भाग लेने हेतु माता या पिता में से कोई एक अभिभावक अपना आधार कार्ड, बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र एवं बच्चे को साथ लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित हों।इस शिविर का लाभ कुशायता, बिसुदनी, मोटालाव, उदयसागर, उमेदपुरा, बनेडिया, सूरजपुरा, किशनपुरा, कुशायता का झोपड़ा सहित अन्य आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने उठाया।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है तथा भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाएगा।शिविर में आधार कार्ड मशीन ऑपरेटर केकड़ी रवि टेलर, शाखा डाकपाल कुशायता हरिओम शर्मा, शाखा डाकपाल बिसुदनी कोशल मीणा, डाकपाल गुलगांव बसंत कुमार, शाखा डाकपाल नापाखेड़ा योगेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।