बघेरा में विराट हिन्दू सम्मेलन का हुआ भव्य आयोजन सन्तों का मिला आशीर्वाद
- भव्य कलश यात्रा का जगह जगह पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
बबघेरा, 01 फरवरी (केकड़ी पत्रिका)कस्बे में हिन्दू जागरण की दिशा को नई ऊर्जा एवं चेतना प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार, 1 फरवरी 2026 को सर्व हिन्दू समाज के तत्वावधान में सनातन संस्कृति, सनातन धर्म एवं सामाजिक एकता के प्रतीक विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन वराह मंदिर प्रांगण, बघेरा में किया गया।

कलश यात्रा का नगर भ्रमण
आयोजन को लेकर क्षेत्र में दिनभर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:15 बजे कलश एवं शोभा यात्रा से हुई। राजस्थानी एवं पारंपरिक वेशभूषा में सजी सैकड़ों महिलाओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। शोभा यात्रा वराह मंदिर से प्रारंभ होकर देवगांव गेट, सदर बाजार, जाट मोहल्ला, टोडा गेट, रेगर मोहल्ला, माली मोहल्ला, कोली मोहल्ला, गुरुजी चौक, नाथ मोहल्ला एवं शिव गली होते हुए पुनः वराह मंदिर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। इस अवसर पर कलश यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।

संत समागम
इसके पश्चात दोपहर 2:00 बजे संत आशीर्वचन एवं हिन्दू समागम का आयोजन हुआ, जिसमें संत-महात्माओं ने समाज को धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दिया। सम्मेलन के मुख्य वक्ता श्री देवाराम जी (लगभग 30 वर्षों से प्रचारक, माधव गौशाला बांदरसिंदरी) ने सनातन मूल्यों, गौ सेवा और सामाजिक समरसता पर प्रेरक विचार रखे।कार्यक्रम में श्री 1008 महामंडलेश्वर महंत हनुमानदास जी महाराज (चतुर्थ सम्प्रदाय के अध्यक्ष), महंत श्री रामविश्वास जी (रामस्नेही सम्प्रदाय), श्री निर्मल दास जी महाराज (महंत, रामस्नेही सम्प्रदाय), श्री छोटेराम जी महाराज एवं श्री 1008 महावीर दास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे।इस मौके पर विराट हिन्दू सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और सनातन मूल्यों को सुदृढ़ करने का सशक्त संदेश दिया गया।समापन अवसर पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।

मंच संचालन ब्रह्माणी माता भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण गुर्जर ने किया।