जालिया द्वितीय में वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी, अंजू शर्मा ने निभाया अनुकरणीय सामाजिक सरोकार
बिजयनगर 01 फरवरी (केकड़ी पत्रिका/तरन दीप सिंह ) बिजयनगर के समीप स्थित ग्राम पंचायत जालिया द्वितीय मुख्यालय पर वर्षों से श्मशान घाट के लिए आरक्षित भूमि नहीं होने के कारण ग्रामीणों को मजबूरी में समीप बहने वाली खारी नदी के तट पर अंतिम संस्कार करना पड़ता था। वहां मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परिजनों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों की इस पीड़ा को समझते हुए ग्राम पंचायत जालिया द्वितीय निवासी सिखवाल समाज की बेटी अंजू शर्मा, पत्नी कैलाशचंद शर्मा (नागला) ने एक सराहनीय पहल करते हुए अपनी निजी खातेदारी भूमि में से तीन बिस्वा भूमि श्मशान घाट (मोक्षधाम) के लिए दान करने का निर्णय लिया।रविवार को ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित ग्राम उत्थान शिविर के दौरान अंजू शर्मा ने कैंप प्रभारी एवं भू-अभिलेख निरीक्षक राधेश्याम शर्मा को पत्र सौंपकर भूमि दान की सहमति प्रदान की।इस अवसर पर अंजू शर्मा ने कहा कि “यह हमारा सौभाग्य है कि हमारे पुरखों की नदी के पास भूमि है। उसी भूमि में से श्मशान घाट हेतु तीन बिस्वा जमीन दी है। हमारी इच्छा है कि सरकार इस भूमि पर समुचित विकास कराए, ताकि अपनों के अंतिम संस्कार के समय परिजनों को शांति और सुकून मिल सके।”
इस पुनीत अवसर पर सरपंच आदित्य कुमार खेतावत, भाजपा नेता अनिल कुमार टेलर, ग्राम पंचायत सचिव नारायण लाल शर्मा, पंचायत प्रसार अधिकारी मनोज कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने इस नेक कार्य की सराहना करते हुए अंजू शर्मा को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।भूमि दान के पश्चात सरपंच आदित्य कुमार खेतावत, अंजू शर्मा के पति कैलाशचंद शर्मा, पंचायत सचिव नारायण लाल शर्मा, सत्यप्रकाश तेली, अनिल कुमार टेलर सहित ग्रामीणों ने श्मशान घाट हेतु दान की गई भूमि पर पहुंचकर नाप-जोख एवं निरीक्षण किया।अंजू शर्मा का यह कदम न केवल ग्राम पंचायत के लिए ऐतिहासिक साबित होगा, बल्कि समाज के लिए सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा भी बनेगा।